
न्यूज इन्फोमैक्स इंडिया का अपने पाठकों को प्यार भरा नमस्कार । इसके साथ आपका दिन मंगलमय हो । पेश हैं आज के प्रमुख समाचार एक नजर में:
सुर्खियां :
- बिहार में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा, CM-डिप्टी CM दोपहर 2 बजे शपथ लेंगे।
- राजस्थान के अलवर में कांग्रेस का नेतृत्व संकल्प शिविर होगा, राहुल गांधी भी इसमें शामिल होंगे।
- अरविंद केजरीवाल गुजरात में रहेंगे, वे चुनाव से पहले किसी बड़ी गारंटी योजना का ऐलान करेंगे।
- डोनाल्ड ट्रम्प के घर FBI की रेड, एजेंट्स ने घर को घेरकर तलाशी ली; ट्रम्प बोले- वे मुझे 2024 का चुनाव लड़ने से रोक रहे।
- नोएडा में महिला से बदसलूकी करने वाले श्रीकांत त्यागी को 14 दिन की हिरासत में भेजा, मेरठ से STF ने किया था अरेस्ट।
- रेप के आरोप में मिर्ची बाबा गिरफ्तार, महिला ने भोपाल में केस दर्ज कराया; विरोध पर बाबा ने कहा था- बच्चा ऐसे ही होता है।
नीतीश ने तेजस्वी का हाथ थामा, आज फिर लेंगे सीएम की शपथ
पटना। बिहार में मंगलवार को तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता नीतीश कुमार ने राज्यपाल फागू चौहान से दो बार मुलाकात की। कुमार ने पहली बार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा और फिर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले महागठबंधन का नेता चुने जाने के बाद राज्य में एक बार फिर शीर्ष पद के लिए अपना दावा पेश किया। बिहार में BJP और JDU का गठबंधन टूटने के बाद नीतीश कुमार बुधवार दोपहर 2 बजे एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे। इसके लिए तेजस्वी यादव का नाम चर्चा में है।
हालांकि पहले शपथ शाम 4 बजे कराने की खबर आई थी। शपथ से पहले नीतीश कुमार ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से फोन पर बात की। इससे पहले नीतीश ने मंगलवार शाम को राज्यपाल फागू चौहान को 7 पार्टियों के 164 विधायकों के समर्थन की चिट्ठी सौंपी थी। उनके साथ तेजस्वी यादव भी राजभवन में मौजूद थे। सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद दोनों ने राजभवन में ही प्रेस कॉन्फ्रेंस की। तेजस्वी ने कहा- भाजपा का कोई गठबंधन सहयोगी नहीं है, इतिहास बताता है कि भाजपा उन दलों को खत्म कर देती है जिनके साथ वह गठबंधन करती है। हमने देखा कि पंजाब और महाराष्ट्र में क्या हुआ था।
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल विस्तार : 18 मंत्रियों ने ली शपथ, कोई महिला नहीं
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 41 दिन बाद एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को अपने दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार किया। शिवसेना के बागी गुट और भारतीय जनता पार्टी के नौ-नौ सदस्यों को इसमें जगह दी गयी है।
आरएसएस सवर्णों का संघ, प्रधानमंत्री मोदी बड़े नाटककार: सिद्धरमैया
बेंगलुरु। कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को ‘‘उच्च जातियों का संघ’’ करार देते हुए मंगलवार को केंद्र सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को ‘‘नाटक’’ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘‘बड़ा नाटककार’’ बताया।
नीतीश ने सोनिया और राहुल से बात की, समर्थन के लिए आभार जताया
नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और महागठबंधन की तरफ से नयी सरकार का बनाने का दावा पेश करने वाले नीतीश कुमार ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से बात की तथा समर्थन के लिए उनका आभार जताया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
मोदी 2.23 करोड़ की संपत्ति के मालिक
PM मोदी के पास 2 करोड़ 23 लाख की संपत्ति, एक साल में 26 लाख बढ़ी
PM मोदी 2 करोड़ 23 लाख रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। यह पिछले साल से 26 लाख रुपए ज्यादा है। PM की ज्यादातर संपत्ति बैंक डिपॉजिट के तौर पर है। उनके पास कोई गाड़ी नहीं है। सोने की 4 अंगूठियां हैं, जिनकी कीमत 1.73 लाख रुपए है। इस साल 31 मार्च तक की जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री के पास 35,250 रुपए कैश था। यह जानकारी PMO की वेबसाइट पर दी गई है।
राजद्रोह संबंधी बयान देने के मामले में इमरान खान का शीर्ष सहयोगी गिरफ्तार
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के एक करीबी सहयोगी को एक निजी टेलीविजन चैनल पर साक्षात्कार के दौरान कथित रूप से राजद्रोह संबंधी बयान देने के मामले में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले चैनल के प्रसारण पर भी रोक लगा दी गयी।
नायडू ने ‘मुफ्त उपहार संस्कृति’ को लेकर आगाह किया, राज्यों की वित्तीय स्थिति के लिए खराब बताया
नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा वोट बटोरने के लिए किए जाने वाले लोकलुभावन वादों के प्रति आगाह करते हुए मंगलवार को कहा कि ‘‘मुफ्त उपहार की संस्कृति’’ के कारण कई राज्यों की वित्तीय स्थिति खराब हुई है।
बिहार का घटनाक्रम राष्ट्रीय राजनीति में बदलाव का संकेत: विपक्षी दल
नई दिल्ली। विपक्षी दलों ने बिहार के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि यह भाजपा की ‘धमकी की राजनीति’ की परिणति है तथा भारतीय राजनीति में बदलाव का संकेत है।
पारंपरिक, गैर-पारंपरिक खतरों का सामना कर रहा भारत: विदेश मंत्री जयशंकर
हैदराबाद। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को कहा कि अपने कई समकालीनों की तुलना में भारतीय समाज सुरक्षा चुनौतियों को लेकर काफी अधिक संवेदनशील है और वह व्यापक तौर पर पारंपरिक एवं गैर-पारंपरिक खतरों का सामना कर रहा है।
सिंगापुर का पडांग देश का 75वां राष्ट्रीय स्मारक बना, यहीं से नेताजी ने दिया था ‘दिल्ली चलो’ का नारा
सिंगापुर। सिंगापुर अपना 57वां राष्ट्रीय दिवस मना रहा है और उसने मंगलवार को अपने 200 साल पुराने ऐतिहासिक हरित खुले क्षेत्र पडांग को अपना 75वां राष्ट्रीय स्मारक घोषित किया है।
भाजपा एवं जदयू का नापाक गठबंधन तो टूटना ही था: गहलोत
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच गठबंधन को ‘नापाक’ बताते हुए मंगलवार को कहा कि यह (गठबंधन) तो टूटना ही था। इसके साथ ही गहलोत ने कहा कि बेरोजगारी एवं महंगाई के चलते देश में हालात बहुत गंभीर हैं।
व्हॉट्सएप पर अब नहीं ले पाएंगे ‘व्यू वंस मेसेज’ का स्क्रीनशॉट, नए फीचर की तैयारी
नई दिल्ली। व्हॉट्सएप एक बार नजर आने वाले ‘व्यू वन्स मेसेज’ का स्क्रीनशॉट लेने पर रोक लगाने जा रही है। इसके लिए त्वरित संदेश सेवा कंपनी जल्द एक नया फीचर लेकर आने वाली है।
यौन दुराचार के आरोप में ब्रिटिश ट्रैक कोच पर आजीवन प्रतिबंध
लंदन। ब्रिटेन की दिग्गज एथलीट जेसिका एनिस-हिल को ओलंपिक और विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले कोच टोनी मिनिशेलो पर अज्ञात एथलीटों के साथ पिछले 15 साल से ‘‘यौन दुराचार’’ करने के आरोप में मंगलवार को आजीवन प्रतिबंध लगा दिया गया।
क्या नीतीश 2024 में प्रधानमंत्री पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार होंगे?
नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से नाता तोड़ने के बाद, एक बार फिर उन्हें कुछ लोगों द्वारा 2024 के आम चुनाव में विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार कहा जाने लगा है। लेकिन ज्यादातर विपक्षी दल अब भी जद (यू) नेता को उनके कई ‘यू-टर्न’ के मद्देनजर संदेह की नजर से देखते हैं।