गुड मॉर्निंग न्यूज़ : मादक पदार्थ मामले में आर्यन खान को क्लीन चिट

1 0
Read Time:18 Minute, 19 Second

सुबह के प्रमुख समाचार एक नजर में :

न्यूज इन्फोमैक्स इंडिया का अपने पाठकों को प्यार भरा नमस्कार । इसके साथ आपका दिन मंगलमय हो । पेश हैं आज के प्रमुख समाचार एक नजर में:

सुर्खियां :

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजकोट में पटेल समुदाय की रैली को संबोधित करेंगे।
  • एशिया कप हॉकी में टीम इंडिया जापान के साथ सुपर-4 मुकाबला खेलेगी।
  • PM मोदी की लता दीदी के लिए भावुक चिट्‌ठी: लिखा- रक्षाबंधन पर एक राखी से गरीब हुआ, हाल पूछने फोन भी नहीं आएगा।
  • हरियाणा के पूर्व CM चौटाला को 4 साल की कैद:आय से अधिक संपत्ति के केस में सजा; कोर्ट से ही कस्टडी में लिया।
  • पृथ्वीराज चौहान गुर्जर थे या राजपूत? जानिए क्यों अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म को लेकर मचा है बवाल।

मादक पदार्थ मामले में आर्यन खान को क्लीन चिट

मुंबई/नई दिल्ली। स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को क्रूज जहाज पर मादक पदार्थ मिलने के मामले में शुक्रवार को क्लीन चिट दे दी। पिछले साल हुए इस मामले में गिरफ्तारी के बाद आर्यन को 26 दिन जेल में बिताने पड़े थे।
एनसीबी के अधिकारियों ने कहा कि आर्यन खान और पांच अन्य को ‘पर्याप्त सबूतों के अभाव’ के चलते आरोप पत्र में नामजद नहीं किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि एनसीबी के विशेष जांच दल (एसआईटी) को जांच में ‘गंभीर अनियमितताएं’ और गलतियों के बारे में पता चला। उन्होंने कहा कि आर्यन को गिरफ्तार करने वाली एनसीबी की टीम ने आरोपी की स्वास्थ्य जांच, छापेमारी की वीडियो रिकॉर्डिंग और व्हाट्सऐप चैट में मिले सबूतों की पुष्टि जैसे नियमों का पालन नहीं किया। एनसीबी प्रमुख एस.एन. प्रधान ने दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि जांच में कुछ ‘खामियां’ पाई गईं और अदालत में आरोपों को साबित करने के लिए आरोपी के व्हाट्सएप चैट में कोई ‘पक्का सबूत’ नहीं था।

लद्दाख में सेना के जवानों को ले जा रही बस खाई में गिरी 7 की मौत

लद्दाख के तुर्त सेक्टर में शुक्रवार को सुबह 9 बजे सेना की बस सड़क से 60 फीट नीचे श्योक नदी में गिर गई। हादसे में 7 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई और 19 जवान घायल हाे गए। सेना के मुताबिक, 26 सैनिकों की टुकड़ी पहाड़ी रास्ते से परतापुर से लेह जिले के हनीफ सब सेक्टर के फॉरवर्ड पोस्ट पर जा रही थी। तभी ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस नदी में जा गिरी।

उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने हाईकोर्ट के छह न्यायाधीशों के स्थानांतरण की अनुशंसा की

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने उच्च न्यायालय के छह न्यायाधीशों के स्थानांतरण की अनुशंसा की है।
उच्च न्यायालयों के न्यायाधीशों के स्थानांतरण / प्रत्यावर्तन / पदोन्नति से संबंधित उच्चतम न्यायालय के तीन सदस्यीय कॉलेजियम ने यह अनुशंसा की है, जिसमें प्रधान न्यायाधीश एन.वी. रमण, न्यायमूर्ति यू.यू. ललित व न्यायमूर्ति ए.एम. खानविलकर शामिल हैं।
जिन न्यायाधीशों का स्थानांतरण किया गया है, उनमें न्यायमूर्ति पी.के. गौरव और न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्ला शामिल हैं।

न्यायमूर्ति गौरव का मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय से दिल्ली उच्च न्यायालय जबकि न्यायमूर्ति अमानुल्ला का आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय से पटना उच्च न्यायालय स्थानांतरण किया गया है। शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर अपलोड किए गए कॉलेजियम के फैसले में कहा गया है कि न्यायमूर्ति चित्तरंजन दास को उड़ीसा उच्च न्यायालय से कलकत्ता उच्च न्यायालय जबकि न्यायमूर्ति शुभाषीश तालापात्रा को त्रिपुरा उच्च न्यायालय से उड़ीसा उच्च न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया गया है।

उत्तर कोरिया पर नए प्रतिबंधों के खिलाफ चीन और रूस ने किया वीटो

संयुक्त राष्ट्र। चीन और रूस ने बृहस्पतिवार को संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका द्वारा पेश उस प्रस्ताव के खिलाफ वीटो किया, जिसमें उत्तर कोरिया पर उसके अंतरमहाद्विपीय बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण के लिए नए कठोर प्रतिबंध लगाने का प्रावधान था। अमेरिका सहित कई अन्य देशों को आशंका है कि इन मिसाइलों का इस्तेमाल परमाणु हथियार ले जाने में किया जा सकता है। 15 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में 13 मत प्रस्ताव के पक्ष में तो दो वोट इसके खिलाफ पड़े। उत्तर कोरिया के खिलाफ प्रतिबंध संबंधी किसी प्रस्ताव को लेकर यूएनएससी के वीटो अधिकार वाले पांच स्थायी सदस्यों में इतने बड़े पैमाने पर मतभेद पहली बार दिखा। दरअसल, सुरक्षा परिषद ने साल 2006 में उत्तर कोरिया के पहले परमाणु परीक्षण के बाद उस पर कड़े प्रतिबंध लगाए थे। सुरक्षा परिषद ने बाद के वर्षों में इन प्रतिबंधों को और सख्त कर दिया था।

सपा पर योगी का तंज: हाथ जोड़कर बस्ती लूटने वाले कर रहे सुधारों की बात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए सपा सरकार पर निशाना साधा और अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद से प्रदेश की छवि बदली है। भाजपा सरकार में प्रदेश नए भारत का नया उत्तर प्रदेश बन रहा है। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा, ‘नजर नहीं है नजारों की बात करते हैं, जमीं पर चांद-सितारों की बात करते हैं… हाथ जोड़कर बस्ती को लूटने वाले, सभा में सुधारों की बात करते हैं।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष (अखिलेश यादव) ने कल एक घंटे का भाषण दिया। ऐसा लग रहा था कि ये चुनावी भाषण है। जनता ने भाजपा का काम देखकर ही हमें फिर से जिताया है। 2022 में भाजपा को मिला जनादेश उस सम्मान का प्रतीक है जो जनता ने हमें दिया है।

सदन में मोबाइल बजने पर विधानसभा अध्यक्ष ने जब्त किया विधायक का फोन

यूपी में विधानमंडल सत्र की कार्यवाही के दौरान विधायकों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष के आसन के समीप आकर सेल्फी लेने और फोन बजने से नाराज विधानसभा अध्यक्ष ने चीफ मार्शल को मोबाइल फोन जब्त कर लेने का निर्देश दे दिया। विधायक मंडप में आकर हंगामे की तस्वीर ले रहे थे। इसके अलावा, एक विधायक का फोन बजने से भी वह नाराज थे। उनके इस निर्देश से विधायकों में खलबली मच गई।

आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए अफगानिस्तान की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता : अजीत डोभाल

दुशान्बे। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने आतंकवाद और आतंकवादी समूहों का मुकाबला करने में अफगानिस्तान की मदद करने और उसकी क्षमता बढ़ाने का आह्वान करते हुए शुक्रवार को कहा कि भारत हमेशा से ही काबुल का एक महत्वपूर्ण साझेदार रहा है और भविष्य में भी रहेगा। डोभाल ने ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे में ‘‘अफगानिस्तान पर चौथे क्षेत्रीय सुरक्षा संवाद’’ में कहा कि आतंकवाद और आतंकवादी समूह क्षेत्रीय सुरक्षा तथा शांति के लिए बड़ा खतरा हैं, इसलिए सभी देशों को इसका मुकाबला करने के लिए अफगानिस्तान की मदद करनी चाहिए।

डोभाल ने कहा, ‘‘अफगानिस्तान के लोगों के साथ सदियों से भारत के विशेष संबंध रहे हैं और कैसी भी परिस्थितियां हों, भारत का दृष्टिकोण अफगानिस्तान को लेकर नहीं बदल सकता।’’ अफगानिस्तान पर चौथे क्षेत्रीय सुरक्षा संवाद की बैठक में ताजिकिस्तान, रूस, कजाखस्तान, उज्बेकिस्तान, ईरान, किर्गिजस्तान और चीन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों ने भी हिस्सा लिया।

जौनपुर कांड में बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह और पूर्व मंत्री ललई यादव पर आरोप तय

जौनपुर के खुटहन बलवा कांड में पूर्व सांसद धनंजय सिंह, पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई समेत 28 के खिलाफ कोर्ट ने आरोप तय कर दिए हैं। विशेष न्यायाधीश एमपी/एमएलए शरद कुमार त्रिपाठी की अदालत ने शुक्रवार को यह फैसला किया। कोर्ट ने इस मामले में पूर्व सांसद कुंवर हरिवंश सिंह को गवाही के लिए सात जून को तलब किया है। प्रतापगढ़ के पूर्व सांसद कुंवर हरिवंश सिंह ने शैलेंद्र यादव ललई, धनंजय समेत 35 के खिलाफ छह नवंबर 2017 को मुकदमा दर्ज कराया था। बताया गया कि ब्लाक प्रमुख सरजू देवी यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर प्रशासन की ओर से परिचर्चा होनी थी। हरिवंश सिंह अपनी बहू नीलम के साथ वहां जा रहे थे।

इसी बीच ब्लाक के समीप जौकाबाद में 400 से 500 की संख्या में लोग हरिवंश सिंह की गाड़ी के सामने आ गए। आरोप है कि ललई के ललकारने पर धनंजय सिंह, नवीन समेत अन्य जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगे। तहरीर के मुताबिक वह किसी तरह से जान बचाकर गाड़ी में छिप गये। आरोपितों ने गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी। एक गाड़ी को जला दिया गया। अन्य वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
मामले में पुलिस ने अपराध पाते हुए 29 के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। शुक्रवार को कोर्ट ने धनंजय सिंह, पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई समेत 28 के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं।

CUET2022: के लिए यू जी सी ने दी राहत 31 मई तक करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन

नई दिल्ली। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के लिए रजिस्ट्रेशन की विंडो दोबारा खोल दी है, जो 22 मई को बंद कर दी गई थी। पंजीकरण के लिए यह छूट अंडर ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों के लिए दी गई है। इस संबंध में यूजीसी अध्यक्ष एम जगदीश कुमार ने आधिकारिक जानकारी दी।

31 मई तक कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन

उन्होंने बताया, हमने सीयूईटी (यूजी) ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को 27 मई से 31 मई (रात 9 बजे तक) तक खुला रखने का फैसला किया है. सीयूईटी (यूजी) के संबंध में उम्मीदवारों से प्राप्त अभ्यावेदन को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस टेस्ट को पास करने वालो के लिए 85 विश्वविद्यालयों में दाखिले के अवसर मिलेंगे।

भारत में बनी सेमी हाई स्पीड ट्रेन दिसंबर तक चलेगी

चेन्नई। देश की पहली सेमी-हाईस्पीड मालगाड़ी के दिसंबर तक चलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। वंदे भारत ट्रेनों की परिकल्पना का अनुसरण करने वाली 16 डिब्बों की ‘गति शक्ति’ ट्रेन 160 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल सकती है और चेन्नई स्थिति सवारी डिब्बा कारखाना (आईसीएफ) में इसका निर्माण किया जाएगा। प्रधानमंत्री गति शक्ति पहल को एक केंद्रित तरीके से लागू करने के लिए रेलवे ने महत्वाकांक्षी योजना में तेजी लाने के लिए खुर्दा, बिलासपुर, दिल्ली और बेंगलुरु मंडलों में अपनी शाखाओं के साथ रेलवे बोर्ड में एक अलग निदेशालय बनाया है।

योगी सरकार की महिलाओं को सौगात, शाम 7 बजे के बाद महिलाओं से नहीं लिया जाएगा काम

उत्तर प्रदेश के तमाम फैक्ट्री और कारखानों में महिला कर्मियों से सुबह छह से शाम सात बजे के बाद काम नहीं लिया जाएगा। यदि निबंधक रात में काम लेते हैं तो संबंधित महिला कर्मी की लिखित रजामंदी जरूरी होगी। उसके इंकार करने पर नियोजक काम से नहीं निकाल सकेंगे।
प्रदेश सरकार ने राज्य के समस्त कारखानों में महिला कर्मकारों के नियोजन के संबंध में कारखाना अधिनियम-1948 की धारा 66 की उपधारा (1) के खण्ड (ख) में दी गई शक्तियों का प्रयोग कर इस अधिनियम में शर्तों से छूट प्रदान की है। श्रम विभाग ने इस संबंध में नए सिरे से आदेश जारी किए हैं।

आगरा में दिन दहाड़े बहु और उसके प्रेमी की निर्मम हत्या

आगरा में शुक्रवार को दिनदहाड़े शादीशुदा महिला और उसके प्रेमी की हत्या कर दी गई। वारदात उस वक्त की है, जब प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर आया था। महिला के ससुराल वालों ने दोनों को एक साथ पकड़ लिया और गली में दौड़ाकर डंडों से जमकर पीटा। दोनों जब जमीन पर गिर पड़े तो फरसे से उनके गले काट दिए। पुलिस को महिला का शव घर के दरवाजे पर तो प्रेमी का शव गली में पड़ा मिला। नाली में खून से सना डंडा भी था।

साल भर में दोगुने हुए 500 के नकली नोट: 2000 रुपये के जाली नोट 54 फीसदी बढ़े

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अनुसार वित्त वर्ष 2021-22 में नकली नोटों की संख्या काफी बढ़ गई है। RBI के अनुसार, 500 रुपए के नकली नोट एक साल में दोगुने हो गए हैं। पिछले साल की तुलना में केंद्रीय बैंक ने 500 रुपए 101.9% ज्यादा नोट और 2 हजार रुपए के 54.16% ज्यादा नोटों का पता लगाया है। नकली नोटों की बढ़ती संख्या परेशान करने वाली है। आरबीआई ने कहा कि 31 मार्च 2022 तक बैंक में जमा हुए 500 और 2000 रुपए के नोट में 87.1% नकली नोट थे। मार्च 2021 तक यह आंकड़ा 85.7% था। बैंक ने बताया कि यह मार्च 2022 तक चलन में मौजूद नोटों का कुल 21.3% था।

Happy
Happy
100 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

Blog ज्योतिष

साप्ताहिक राशिफल : 14 जुलाई दिन रविवार से 20 जुलाई दिन शनिवार तक

आचार्य पंडित शरद चंद्र मिश्र अध्यक्ष – रीलीजीयस स्कॉलर्स वेलफेयर सोसायटी सप्ताह के प्रथम दिन की ग्रह स्थिति – सूर्य मिथुन राशि पर, चंद्रमा तुला राशि पर, मंगल और गुरु वृषभ राशि पर, बुध और शुक्र, कर्क राशि पर, शनि कुंभ राशि पर, राहु मीन राशि पर और केतु कन्या राशि पर संचरण कर रहे […]

Read More
Blog national

तीन दिवसीय राष्ट्रीय पर्यावरण संगोष्टी सम्पन्न

द्वितीय राष्ट्रीय वृक्ष निधि सम्मान -२०२४ हुए वितरित किया गया ११००० पौधों का भी वितरण और वृक्षारोपण महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के धाराशिव ज़िले की तुलजापुर तहसील के गंधोरा गाँव स्थित श्री भवानी योगक्षेत्रम् परिसर में विगत दिनों तीन दिवसीय राष्ट्रीय पर्यावरण संगोष्टी का आयोजन किया गया। श्री भवानी योगक्षेत्रम् के संचालक गौसेवक एवं पर्यावरण संरक्षक योगाचार्य […]

Read More
Blog uttar pardesh

सनातन धर्म-संस्कृति पर चोट करते ‘स्वयंभू भगवान’

दृश्य 1 : “वो परमात्मा हैं।” किसने कहा ? “किसने कहा का क्या मतलब..! उन्होंने ख़ुद कहा है वो परमात्मा हैं।” मैं समझा नहीं, ज़रा साफ कीजिये किस परमात्मा ने ख़ुद कहा ? “वही परमात्मा जिन्हें हम भगवान मानते हैं।” अच्छा आप सूरजपाल सिंह उर्फ़ भोलेबाबा की बात कर रहे हैं। “अरे..! आपको पता नहीं […]

Read More
error: Content is protected !!