न्यूज इन्फोमैक्स इंडिया का अपने पाठकों को प्यार भरा नमस्कार । इसके साथ आपका दिन मंगलमय हो । पेश हैं आज के प्रमुख समाचार एक नजर में:
वैश्विक तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री से. तक सीमित करने की योजना अब भी अपर्याप्त: संयुक्त राष्ट्र
नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र की एक नयी रिपोर्ट में कहा गया है कि विभिन्न देश वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कटौती के लिए प्रयास कर रहे हैं लेकिन ये प्रयास सदी के अंत तक वैश्विक तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।
संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन के कार्यकारी सचिव साइमन स्टील ने कहा, ‘‘हम अब भी 1.5 डिग्री सेल्सियस सीमा की ओर बढ़ने के लिए आवश्यक उत्सर्जन में कमी के अपेक्षित पैमाने व गति के आसपास नहीं हैं। इस लक्ष्य को बनाए रखने के लिए, राष्ट्रीय सरकारों को अपनी जलवायु कार्य योजनाओं को मजबूत बनाने और अगले आठ साल में उन्हें कार्यान्वित करने की आवश्यकता है।’
सुर्खियां
- गृह मंत्री अमित शाह राज्यों के गृह मंत्रियों के ‘चिंतन शिविर’ की अध्यक्षता करेंगे।
- कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 3 दिन के गैप के बाद तेलंगाना में फिर से शुरू होगी।
- अल्पसंख्यक PM पर बहस: हिंदुस्तान को रेपिस्तान बताने वाले IAS फैसल बोले- केवल भारत में ही मुसलमान टॉप पर पहुंच सकता है
- रूस ने एटमी ड्रिल शुरू की: पुतिन की मौजूदगी में बैलेस्टिक मिसाइल लॉन्च, तीनों सेनाएं अलर्ट पर।
- जयशंकर के मुरीद हुए UAE के मंत्री: 37 देशों के सामने कहा- भारत की फॉरेन पॉलिसी लाजवाब, वो किसी के गुट में शामिल नहीं होता।
- ओवैसी बोले- हिजाब वाली महिला को प्रधानमंत्री देखना चाहता हूं: भाजपा ने पूछा- अपनी पार्टी की कमान महिला को कब सौंपेंगे।
- वर्ल्ड कप में उलटफेर: 2010 की चैंपियन इंग्लैंड को आयरलैंड ने 5 रन से हराया।
- मुश्किल में PAK सरकार: इमरान का लॉन्ग मार्च रोकने से SC का इनकार; खान बोले- मेरे साथ जिहाद में शामिल हो मुल्क।
- विराट कोहली टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट की रैंकिंग में 9वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
हनीट्रैप में फंसाए गए कंचुगल मठ के पुजारी ने किया सुसाइड, ब्लैकमेलर्स ने चार अश्लील वीडियो बनाए थे
कर्नाटक में 24 अक्टूबर को कंचुगल मठ के स्वामी बसवलिंगेश्वर ने आत्महत्या कर ली थी। वे 400 साल पुराने मठ के मुख्य पुजारी थे। बसवलिंगेश्वर के सुसाइड नोट से यह पता चली है कि उन्हें हनीट्रैप के जरिए ब्लैकमेल किया जा रहा था। पुजारी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वालों में मठ के ही 2 लोग शामिल हैं।
दुनिया के सबसे गंदे आदमी की 94 साल में मृत्यु
दुनिया के ‘सबसे गंदे आदमी’ कहे जाने वाले अमौ हाजी का 94 साल की उम्र में निधन हो गया है। वे 50 साल से नहाए नहीं थे, इसीलिए उन्हें सबसे गंदा शख्स कहा जाने लगा। हाजी ईरान के फार्स प्रांत में एकांत जगह पर रहते थे।
उनकी जिंदगी पर बनी डॉक्यूमेंट्री का नाम ‘द स्ट्रेंज लाइफ ऑफ अमौ हाजी’ है।
अध्यक्ष बनते ही खड़गे का पहला फैसला:कांग्रेस में 50% पद युवाओं को, नई टीम में थरूर नहीं
मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष पद की शपथ ली। उन्होंने पार्टी में 50% पद 50 साल से कम उम्र के लोगों को देने का ऐलान किया। इसके बाद कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के बदले 47 सदस्यों की स्टीयरिंग कमेटी की घोषणा की। इसमें सोनिया गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह, राहुल गांधी का भी नाम है। लेकिन 47 सदस्यीय टीम में सिर्फ एक मेंबर को छोड़कर सभी की उम्र 50 या उससे ज्यादा है। ये शख्स हैं तमिलनाडु के विरुधुनगर से लोकसभा सांसद बी. मनिकम टैगोर, जिनकी उम्र 47 साल है। खड़गे की स्टीयरिंग कमेटी में उनके खिलाफ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाले नेता शशि थरूर का नाम नहीं है।
यूएनएससी आतंकवाद निरोधक समिति की बैठक 28-29 अक्टूबर को भारत में
नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आतंकवाद निरोधक समिति की विशेष बैठक 28 और 29 अक्टूबर को मुम्बई एवं नयी दिल्ली में होगी जिसमें आतंकवादियों द्वारा इंटरनेट, नयी भुगतान प्रणालियों और ड्रोन उपयोग से निपटने के तौर-तरीकों पर विचार किया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र में भारतीय राजदूत रुचिरा कंबोज ने यहां संवाददाताओं को बताया कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आतंकवाद निरोधक समिति (यूएनएससी-सीटीसी) भारत में होने वाले आतंकवाद रोधी सम्मेलन में आतंकवादियों द्वारा इंटरनेट, नयी भुगतान प्रणालियों और ड्रोन के उपयोग से निपटने पर विचार करेगी।
नए कांग्रेस अध्यक्ष के सामने चुनौतियों का अंबार
नई दिल्ली। कांग्रेस के नए अध्यक्ष का कार्यभार बुधवार को संभालने वाले मल्लिकार्जुन खरगे की इस जिम्मेदारी को अगर ‘कांटों का ताज’ कहा जाए तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी क्योंकि एक ओर उन्हें पार्टी के चुनावी प्रदर्शन में सुधार लाना है वहीं उन्हें आम लोगों में पार्टी की पकड़ को भी मजबूत बनाने की चुनौती का सामना करना है। उनका कार्यकाल ऐसे समय पर शुरू हुआ है जब कांग्रेस चुनावी रूप से सबसे खराब स्थिति में है और उसे लगातार दो लोकसभा चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा 2020 से पार्टी करीब 10 चुनाव हार चुकी है। साथ ही उसे विपक्ष में भी क्षेत्रीय दलों से कड़ी प्रतिस्पर्धा मिल रही है।
सक्सेना ने दिल्ली में निर्दिष्ट यमुना घाटों पर छठ पूजा के लिए मंजूरी दी
नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने यमुना नदी के निर्धारित घाटों पर छठ पूजा की मंजूरी दे दी है और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से श्रद्धालुओं के लिए साफ घाट और पानी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। यह जानकारी उनके कार्यालय के सूत्रों ने बुधवार को दी। सूत्रों ने कहा कि सक्सेना ने केजरीवाल को इस मुद्दे पर ‘‘भ्रामक और अपरिपक्व प्रचार’ करने के प्रति भी आगाह किया।
कांग्रेस सत्तासीन नेताओं के झूठ एवं नफरत के चक्र को तोड़ेगी: खरगे
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को पार्टी अध्यक्ष का औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि पार्टी मौजूदा सरकार की ‘‘झूठ एवं नफरत की व्यवस्था’’ को ध्वस्त करेगी। दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले 80 वर्षीय खरगे ने 17 अक्टूबर को हुए ऐतिहासिक चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी 66 वर्षीय शशि थरूर को मात दी थी। पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ था। इसमें 24 साल बाद गांधी परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया था।
खरगे के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार मजबूत होगी, सबको मिलकर आगे बढ़ना है: सोनिया गांधी
नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को बुधवार को शुभकमानाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पार्टी को प्रेरणा मिलेगी और वह लगातार मजबूत होगी। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलजुलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि कांग्रेस ने कभी संकट के सामने हार नहीं मानी और आगे भी नहीं मानेगी।
करेंसी नोट पर केजरीवाल की लक्ष्मी-गणेश की टिप्पणी की सोशल मीडिया पर आलोचना
नई दिल्ली। भारतीय करेंसी नोटों पर भगवान गणेश और लक्ष्मी के चित्र छापने से संबंधित दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान की सोशल मीडिया पर कुछ ने आलोचना की और उपहास किया, तो कुछ ने इस तरह की टिप्पणी के समय पर सवाल खड़े किये तथा इसे गुजरात चुनाव से जोड़ा। केजरीवाल ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा था कि अमेरिकी डॉलर उनके मुकाबले रुपये के लगातार कमजोर होने के कारण देश नाजुक स्थिति से गुजर रहा है।