
न्यूज इन्फोमैक्स इंडिया का अपने पाठकों को प्यार भरा नमस्कार । इसके साथ आपका दिन मंगलमय हो । पेश हैं आज के प्रमुख समाचार एक नजर में
सुर्खियां
- इमरान ख़ान आज हाई कोर्ट में पेश होंगे, गिरफ़्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर होगी सुनवाई।
- असम सरकार ने बहुविवाह पर प्रतिबंध के प्रस्ताव पर विचार करने के लिए बनाई चार सदस्यीय विशेषज्ञ समिति।
- ट्विटर ने नया सीईओ नियुक्त किया पर नाम नहीं बताया. एलन मस्क ने केवल ये कहा- छह हफ़्ते में काम शुरू कर देंगी।
- चीन में भारतीय चेहरे वाले वीडियो से विवाद, मज़ाक उड़ाने का आरोप लगने के बाद हटाया गया।
- रूस में यूक्रेनी सेना के आगे बढ़ने की ख़बरों को गल़त बताया, वागनर ग्रुप के चीफ़ के बयान के बाद आया खंडन।
- आईपीएल में गुरुवार के मैच में राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स को नौ विकेट से हराया।
लोक व्यवस्था, पुलिस और भूमि को छोड़कर अन्य सेवाओं पर दिल्ली सरकार का नियंत्रण है : न्यायालय
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की सरकार को बड़ी राहत देते हुए उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को सर्वसम्मति से फैसला दिया कि लोक व्यवस्था, पुलिस और भूमि जैसे विषयों को छोड़कर अन्य सेवाओं पर दिल्ली सरकार के पास विधायी तथा प्रशासकीय नियंत्रण है।
उच्चतम न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली संविधान पीठ ने कहा कि नौकरशाहों पर एक निर्वाचित सरकार का नियंत्रण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली का ‘विशेष प्रकार का’ दर्जा है और उन्होंने न्यायाधीश अशोक भूषण के 2019 के उस फैसले से सहमति नहीं जतायी कि दिल्ली सरकार के पास सेवाओं पर कोई अधिकार नहीं है।
कर्नाटक में ‘ऑपरेशन लोटस’ की स्थिति पैदा नहीं होगी, 120 से 125 सीटें जीतेंगे: शोभा करंदलाजे
बेंगलुरु। केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कर्नाटक में ‘ऑपरेशन लोटस’ की संभावना से इनकार करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 120 से 125 सीटें मिलेंगी और वह पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
‘ऑपरेशन लोटस’ शब्द, राज्य के विपक्षी कांग्रेस और जनता दल (एस) द्वारा कुछ साल पहले गढ़ा गया था। विपक्ष के अनुसार, अपने दम पर बहुमत हासिल करने में विफल रहने पर भाजपा यह ऑपरेशन चलाती है और कथित रूप से “विपक्षी दलों के विधायकों को लालच देकर अपने पाले में लेती है तथा सरकार बनाने का प्रयास करती है।
प्रौद्योगिकी दबदबा कायम करने का माध्यम नहीं, देश की प्रगति को गति देने का उपकरण: प्रधानमंत्री
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पोकरण में 1998 में हुए परमाणु परीक्षण को भारत के इतिहास के सबसे गौरवशाली दिनों में से एक बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि देश के लिए प्रौद्योगिकी अपना दबदबा कायम करने का माध्यम नहीं बल्कि देश की प्रगति को गति देने का एक उपकरण है। पोकरण परीक्षण की वर्षगांठ के मौके पर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर यहां प्रगति मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल सशक्तिकरण के स्रोत के रूप में और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए किया है।
मणिपुर में हुई हिंसा ने राज्य की युवा पीढ़ी को दिया जिंदगी भर का जख्म
गुवाहाटी। मणिपुर की आठ वर्षीय बार्बी बार-बार अपनी मां से सवाल करती है, ‘‘जब हम स्कूल जाएंगे तो क्या हम पर पथराव होगा ?’’
हालांकि, बार्बी दोबारा स्कूल जाने और पुराने मित्रों से मिलने को लेकर आशान्वित है और कुछ इसी तरह का विचार किंडरगार्टन में पढ़ने वाली चार चाल की नैंसी का भी है। लेकिन अपने जीवन के दो दशक पार कर चुकी लारा अपने अनिश्चित भविष्य को जानती है और कुछ इसी तरह का हाल मणिपुर के उन युवाओं का भी है जो हिंसा से प्रभावित हुए हैं।
ईडी ने मेडिकल कॉलेज सोसायटी से जुड़ी 307 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि कोविड मरीजों और दाखिले के लिए छात्रों से मिले धन की कथित हेराफेरी पर आंध्र प्रदेश स्थित एक मेडिकल कॉलेज का संचालन करने वाली सोसायटी और उसके पदाधिकारियों की 307 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। ईडी ने कहा कि राज्य के गुंटूर जिले के एनआरआई एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज (एनआरआईएएस) और इसके पदाधिकारियों निम्मागड्डा उपेंद्रनाथ, मणि अक्किनेनी तथा अन्य के खिलाफ धन शोधन निवारण कानून के तहत कार्रवाई की गई है।
मोखा’ भीषण चक्रवात में बदलने के लिए तैयार, बांग्लादेश-म्यांमा तट की ओर बढ़ा
नई दिल्ली। चक्रवात ‘मोखा’ तेजी से बढ़ रहा है और शुक्रवार सुबह तक यह भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इसके परिणामस्वरूप 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं भी चल सकती हैं और इसके बांग्लादेश-म्यांमा तट की ओर बढ़ने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। आईएमडी के मुताबिक शाम 5:30 बजे, चक्रवाती तूफान बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में, पोर्ट ब्लेयर से लगभग 520 किलोमीटर पश्चिम में और कॉक्स बाजार के 1,100 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में रहेगा।