न्यूज इन्फोमैक्स इंडिया का अपने पाठकों को प्यार भरा नमस्कार । इसके साथ आपका दिन मंगलमय हो । पेश हैं आज के प्रमुख समाचार एक नजर में
सुर्खियां
- ब्रिटेन के रूस पर प्रतिबंध और कड़े, नहीं मंगाएगा हीरे और कई महंगी धातुएं।
- पेंटागन के खाते-बही में 3 अरब डॉलर का ग़लत हिसाब, यूक्रेन को हुआ फ़ायदा, ज़्यादा मिलेंगे हथियार।
- विराट कोहली का ज़ोरदार शतक, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने सनराइज़र्स को 8 विकेट से हराया
उच्चतम न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में ‘द केरल स्टोरी’ पर लगा प्रतिबंध हटाया
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में ‘द केरल स्टोरी’ के प्रदर्शन पर प्रदेश सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंध को बृहस्पतिवार को हुई सुनवाई के दौरान हटाने का आदेश दिया। न्यायालय ने तमिलनाडु से फिल्म देखने जाने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। थियेटर मालिकों ने सुरक्षा चिंताओं के कारण फिल्म का प्रदर्शन रोकने का फैसला किया था।
हिरोशिमा शहर में जी-7 की बैठक, पीएम मोदी भी होंगे शामिल
जापान के हिरोशिमा शहर में 19 से 21 मई के बीच होने वाले जी-7 देशों का सम्मेलन हो रहा है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिरोशिमा के लिए रवाना हो गए हैं। जापान की ओर से हिरोशिमा में जी-7 की बैठक कराने का ख़ास मक़सद है। जापान इसके ज़रिये शांति और परमाणु निरस्त्रीकरण का संदेश देना चाहता है। अगस्त 1945 में हिरोशिमा पर ही दुनिया का पहला परमाणु बम गिराया गया था। इसमें हज़ारों लोग मारे गए थे और कई हज़ार शारीरिक रूप से विकलांग हो गए थे। हिरोशिमा जापान के प्रधानमंत्री फ़ुमियो किशिदा का गृह नगर भी है।
जी-7 की बैठक ऐसे वक्त में हो रही है जब पश्चिमी देश रूस को लगातार परमाणु हथियार का इस्तेमाल न करने के लिए चेता रहे हैं।
दूसरी ओर उत्तर कोरिया ने भी अपनी परमाणु मिसाइलों की टेस्टिंग तेज़ कर रखी है।
कानून मंत्रालय में कार्यकाल के दौरान रीजीजू की न्यायपालिका से अक्सर अनबन दिखी
नई दिल्ली। प्रतिष्ठित कानून मंत्रालय से किरेन रीजीजू की विदाई उनकी ओर से न्यायपालिका की अक्सर आलोचना किये जाने के बीच हुई है । न्यायिक नियुक्तियों को लेकर उच्चतम न्यायालय के साथ लगातार टकराव का सामना करने वाले रीजीजू सात जुलाई, 2021 को देश के कानून मंत्री बने थे। उन्होंने भारतीय जनता पाटी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद का स्थान लिया था। उस समय खेल मंत्री और अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री रीजीजू को पदोन्नत कर केंद्रीय मत्रिमंडल में शामिल किया गया था।
भारत की बड़ी जीत; अमेरिकी अदालत ने तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित करने की अनुमति दी
न्यूयॉर्क (अमेरिका)। अमेरिका की एक संघीय अदालत ने पाकिस्तानी मूल के कनाडाई व्यवसायी तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण के लिए सहमति दे दी है जो भारत के लिए एक बड़ी कानूनी जीत है। भारत सरकार 2008 के मुंबई आतंकी हमले में संलिप्तता के आरोपी राणा के प्रत्यर्पण की मांग कर रही थी। अदालत का यह फैसला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका की पहली राजकीय यात्रा से एक महीने पहले आया है। राष्ट्रपति जो बाइडन ने मोदी को इस राजकीय यात्रा के लिए आमंत्रित किया है। बाइडन एवं अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडन 22 जून को उनके सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन करेंगे।
सरकार ने विरासत संरक्षण को प्राथमिकता दी, आजादी के बाद इसके लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए गए: मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार ने देश की ऐतिहासिक वस्तुओं व विरासत के संरक्षण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने इस बात पर अफसोस जताया कि आजादी के बाद इस दिशा में पर्याप्त प्रयास नहीं किए गए। यहां प्रगति मैदान में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय एक्सपो 2023 का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने प्राचीन भारतीय कलाकृतियों की ‘तस्करी और विनियोग’ का मुद्दा भी उठाया और कहा कि दुनिया में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा के बीच विभिन्न देशों ने अब भारत से संबंधित विरासत कलाकृतियों को लौटाना शुरू कर दिया है।
शवों की गरिमापूर्ण तरीके से अंत्येष्टि के लिए एक समान राष्ट्रीय नीति की आवश्यकता: उच्चतम न्यायालय
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि महामारी और सामान्य समय में शवों का गरिमापूर्ण तरीके से अंत्येष्टि के लिए एक समान राष्ट्रीय प्रोटोकॉल की आवश्यकता है। प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति पी. एस. नरसिम्हा और न्यायमूर्ति जे. बी. पारदीवाला की पीठ ने एक वकील की पीड़ा को साझा किया, जिन्होंने कहा कि उनका मुवक्किल न तो अपनी दिवंगत मां का चेहरा देख सका था और न ही महामारी के दौरान उसका अंतिम संस्कार कर सका था, जबकि कोविड-19 के कारण उसकी मृत्यु नहीं हुई थी।
विदेश में खर्च पर डेबिट, क्रेडिट कार्ड में समानता लाने को बदले गए फेमा नियम : वित्त मंत्रालय
नई दिल्ली। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय क्रेडिट कार्ड से विदेश में होने वाला खर्च उदारीकृत धन-प्रेषण योजना (एलआरएस) के दायरे में लाने के लिए फेमा कानून में बदलाव करने का मकसद डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड से भेजी गई राशि के कर संबंधी पहलुओं में समानता लाना है। वित्त मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि विदेशी मुद्रा प्रबंधन (फेमा) संशोधन नियम, 2023 के माध्यम से क्रेडिट कार्ड के जरिये विदेश में होने वाला खर्च भी भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की एलआरएस योजना में शामिल कर लिया गया है।
उप्र एसटीएफ ने अंतररराष्ट्रीय टेलीफोन एक्सचेंज चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया
नोएडा। उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने अंतररराष्ट्रीय टेलीफोन एक्सचेंज चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर बृहस्पतिवार को सेक्टर-132 से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि नोएडा में संचालित इस गिरोह का सरगना हरियाणा के गुरुग्राम जिले का निवासी आशुतोष बोरा है, जो पूर्व रणजी खिलाड़ी है। पुलिस ने बताया कि गिरोह द्वारा ‘इंटरनेशनल वॉइस कॉल’ को निजी सर्वर में लैंड कराकर कॉल कराई जा रही थी। इससे भारत सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था।
पुलिस इमरान खान के आवास पर छिपे ‘आतंकवादियों’ को पकड़ने का अभियान शुरू कर सकती है: मीडिया
लाहौर। पंजाब पुलिस के कर्मियों ने लाहौर में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के यहां स्थित आवास को बृहस्पतिवार को घेर लिया और वे उनके आवास में कथित तौर पर छिपे ‘आतंकवादियों’ को पकड़ने के लिए किसी भी समय अभियान शुरू कर सकते हैं। पंजाब प्रांत की अंतरिम सरकार ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के प्रमुख खान को लाहौर स्थित उनके आवास पर छिपे ‘‘आतंकवादियों’’ को सौंपने के लिए 24 घंटे का समय दिया था और यह अवधि अब समाप्त हो गई है।